ई-रिक्शा में निकले महापौर, दिया ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
ई-रिक्शा में निकले महापौर, दिया ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


हाइटेक बस स्टैंड से ऑडिटोरियम तक विकास कार्यों का किया निरीक्षण

धमतरी, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब धमतरी में भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार सुबह महापौर रामू रोहरा भाजपा पार्षदों की टीम के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के निरीक्षण पर निकले। इस अनोखी पहल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और आम नागरिकों ने इसे सकारात्मक संदेश बताया।

निरीक्षण की शुरुआत खपरी स्थित निर्माणाधीन हाइटेक बस स्टैंड से हुई। यहां महापौर और पार्षदों ने निर्माण कार्य की प्रगति, यात्री सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने पार्किंग, प्रतीक्षालय और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इसके बाद टीम अर्जुनी में बन रहे 132 केवी विद्युत स्टेशन पहुंची।

अधिकारियों से परियोजना की जानकारी लेते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह परियोजना शहर और आसपास के क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगी। बढ़ती आबादी और बिजली की मांग को देखते हुए यह विद्युत स्टेशन भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। निरीक्षण दल ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां चल रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। महापौर ने कहा कि रेलवे स्टेशन किसी भी शहर की पहली पहचान होता है, इसलिए यहां यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और आकर्षक वातावरण तैयार किया जाना जरूरी है। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अंत में टीम मकेश्वर वार्ड पहुंची, जहां निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया गया। महापौर ने कहा कि यह ऑडिटोरियम भविष्य में सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। नगर निगम शहर में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रहा है और सभी परियोजनाओं को समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जहां संभव हो, वहां सार्वजनिक परिवहन, ई-वाहन और साझा परिवहन का उपयोग करें, ताकि पेट्रोल-डीजल की खपत कम हो और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।

इस दौरान एमआईसी प्रभारी विजय मोटवानी, अखिलेश सोनकर, श्याम लाल नेताम, पिंटू यादव, विभा चंद्राकर, हिमानी भागवत साहू, अज्जू देसलहरे, मेघराज ठाकुर, तलीन पुरी गोस्वामी, कुलेश सोनी, शैलेश रजक, संतोष सोनकर, संजय देवांगन, हेमंत बंजारे, आशा नंदू लोधी, चंद्रभागा साहू सहित भाजपा पार्षद, निगम प्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story