जन चौपाल में महापौर ने सुनीं समस्याएं, मौके पर कराया समाधान
धमतरी, 11 मई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा इन दिनों लगातार वार्ड भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार काे हटकेशर क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल में महापौर ने वार्डवासियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कई समस्याओं पर मौके पर ही कार्रवाई शुरू कराई गई। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि हर नागरिक तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और निगम क्षेत्र का प्रत्येक वार्ड विकास, स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बने, इसके लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन चौपाल केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है। निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में नियमित भ्रमण जारी रहेगा और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में बंशी साहू, चोवाराम, समयलाल, दिनेश्वरी, प्रेमीन बाई सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

