‘मेयर की पाती’ पहल शुरू, पानी-बिजली व सफाई से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे में होगा समाधान

WhatsApp Channel Join Now
‘मेयर की पाती’ पहल शुरू, पानी-बिजली व सफाई से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे में होगा समाधान


कोरबा, 13 मार्च (हि. स.)।नगर पालिक निगम कोरबा ने आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई जनकल्याणकारी पहल “मेयर की पाती” की शुरुआत की है। निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आज शुक्रवार को महापौर संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने इस व्यवस्था का शुभारंभ किया।

इस पहल के तहत अब पानी, बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाएगा। यदि किसी कारणवश निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हो पाता है, तो संबंधित प्रभारी अधिकारी को उसका ठोस कारण बताना होगा।

“मेयर की पाती” व्यवस्था के तहत साकेत भवन के प्रवेश द्वार पर नीले, पीले और हरे रंग के तीन लेटर बॉक्स लगाए गए हैं।

- नीला लेटर बॉक्स: पेयजल से जुड़ी शिकायतों के लिए

- पीला लेटर बॉक्स: स्ट्रीट लाइट और बिजली से संबंधित समस्याओं के लिए

- हरा लेटर बॉक्स: साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों के लिए

नागरिक इन लेटर बॉक्स में अपनी शिकायतें लिखकर डाल सकेंगे।

लेटर बॉक्स से प्राप्त शिकायतों को तुरंत निकालकर कंप्यूटर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित प्रभारी अधिकारी के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजा जाएगा। शिकायत मिलते ही अधिकारी मौके पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करेंगे।यदि किसी कारण से समयसीमा में समाधान संभव नहीं होता है, तो प्रभारी अधिकारी को निगम आयुक्त को कारण सहित प्रतिवेदन देना होगा और यह बताना होगा कि समस्या का समाधान कब तक किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व सभापति रामनारायण सोनी, एमआईसी सदस्य अजय गोंड़, पार्षद पंकज देवांगन, अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story