महापौर ने महादेव घाट, डोंगाघाट व पुराने पुल का किया निरीक्षण, ढाई हजार पौधे लगाये जायेंगे
जगदलपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। निगम क्षेत्र में लगातार हाे रही बारिश से बनी बाढ़ की स्थिति के बीच महापौर संजय पांडे ने बुधवार को शहर के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों महादेव घाट, डोंगा घाट, पुराना पुल, गोरिया बहार एवं आस-पास के क्षेत्रों में पहुंचकर जलस्तर और आवागमन की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर संजय पांडे ने कहा कि वर्तमान में पानी की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बारिश और नदी के जलस्तर को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से भी सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के साथ महापौर ने शहर के सौंदर्यीकरण और हरियाली की दिशा में चल रही तैयारियों का भी जायजा लिया। इंद्रावती नदी से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर और डिवाइडर के आस-पास करीब ढाई हजार पौधे लगाए जाने हैं। पौधरोपण से पहले महापौर ने स्थल की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पौधरोपण स्थल की तैयारी को लेकर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यहां कनेर एवं टिकोमा के पौधे लगाए जाएंगे। पौधों के लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग का क्षेत्र हरा-भरा होने के साथ शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंग देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्राही, संग्राम सिंह राणा एवं विधुशेखर झा सहित निगम संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

