कोरबा : क्रिएटिव कार्नर के आर्टिस्टों को महापौर ने किया सम्मानित
कोरबा, 20 फरवरी (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा के सिटी ब्यूटीफिकेशन अभियान के अंतर्गत संचालित “क्रिएटिव कार्नर” से जुड़े आर्टिस्टों और कलाकारों को आज शुक्रवार को सम्मानित किया गया। निगम मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर संजूदेवी राजपूत ने कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन की विशेष उपस्थिति रही।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कलाकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरबा के आर्टिस्ट प्रतिभा सम्पन्न हैं और निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए मंच का उन्होंने रचनात्मक उपयोग कर शहर को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा देश में आठवें स्थान पर है, लेकिन अभी और आगे बढ़ने की आवश्यकता है। कलाकारों के सहयोग से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में दिसंबर 2025 में “क्रिएटिव कार्नर” अभियान की शुरुआत की गई थी। सुभाष चौक से कोसाबाड़ी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग की दीवार पर ब्रश उठाकर पेंटिंग करते हुए इस पहल का शुभारंभ किया गया था। इसके बाद आर्टिस्ट ग्रुप ऑफ कोरबा के कलाकारों ने थीम आधारित चित्रकारी कर स्थल को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। अभियान के तहत आगे भी शहर के मुख्य मार्गों, संपर्क सड़कों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं उपेक्षित स्थानों पर पेंटिंग और चित्रकारी का कार्य सतत रूप से जारी रहेगा।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि “क्रिएटिव कार्नर” कलाकारों का मंच है, जो उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता है। उन्होंने बताया कि आगामी समय में इसे और सुनियोजित ढंग से संचालित किया जाएगा तथा प्रत्येक आर्टिस्ट के लिए पृथक गैलरी विकसित की जाएगी, जिसमें उनकी कलाकृतियों के साथ जीवन परिचय और उपलब्धियां भी प्रदर्शित होंगी।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कलाकारों के कार्य को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि ब्रश और रंगों के माध्यम से शहर को सुंदर स्वरूप देना प्रशंसनीय पहल है। वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने इसे निगम की अनूठी पहल बताते हुए कहा कि शहर सौंदर्यीकरण की दिशा में अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आर्टिस्ट मनीषा अग्रवाल और अंकिता सोनी ने कहा कि निगम ने कलाकारों को मंच देकर नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तर्ज पर कला के माध्यम से कोरबा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की इच्छा भी व्यक्त की।
समारोह में कुमकुम गुलहरे, अंकिता सोनी, अनिंदर कौर, सुमन कुमारी, जयकुमार साहू, मनीषा अग्रवाल, प्रशांत कौशिक, गौरी शंकर, कैलाश कुमार और संदीप कुमार सहित अन्य कलाकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी रावेन्द्र सिंह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, पंकज गभेल, धनमोहन रात्रे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

