महापौर ने निगम कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने निगम कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश


कोरबा, 27 मई (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजूदेवी राजपूत ने बुधवार को निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों और शाखाओं में साफ-सफाई, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण तथा कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

महापौर ने निर्माण शाखा, स्थापना शाखा, लेखा शाखा, राजस्व, योजना, भवन निर्माण, संपदा, स्वच्छता शाखा, जलकर विभाग, जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग, कैश शाखा, विधि विभाग, जनसंपर्क शाखा, विद्युत विभाग, डाटा सेंटर, परिषद शाखा समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था, फाइलों और दस्तावेजों के रखरखाव का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि जिस स्थान पर वे बैठकर काम करते हैं, वहां की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों के कार्यस्थल भी व्यवस्थित और स्वच्छ होने चाहिए।

महापौर राजपूत ने विभिन्न विभागों में आवश्यक मरम्मत कार्य कराने, जरूरत के अनुसार कूलर, कुर्सी, टेबल और अन्य फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि कार्यों का निष्पादन सुचारु रूप से हो सके। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

आम नागरिकों की सुविधाओं पर भी जोर

महापौर ने कहा कि निगम कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपने विभिन्न कार्यों और समस्याओं को लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में संबंधित विभागों और शाखाओं में उनके बैठने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन से सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story