किसान परिवार के लाल मयंक साहू ने रचा इतिहास, नीट में हासिल की सफलता एमबीबीएस में चयन

WhatsApp Channel Join Now
किसान परिवार के लाल मयंक साहू ने रचा इतिहास, नीट में हासिल की सफलता एमबीबीएस में चयन


साहू समाज ने घर पहुंचकर किया सम्मान

धमतरी, 04 सितंबर (हि.स.)। मगरलोड विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्र के एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर मयंक साहू ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कन्हैया लाल साहू और चन्द्र किरण साहू के पुत्र मयंक का नीट 2026 के माध्यम से एमबीबीएस में चयन हुआ है। खास बात यह है कि उनके परिवार और वंश में अब तक कोई भी व्यक्ति मेडिकल क्षेत्र में नहीं रहा है। ऐसे में मयंक अपने परिवार से डॉक्टर बनने वाले पहले सदस्य होंगे।

खेती-किसानी से जुड़े सामान्य परिवार के बेटे की इस सफलता ने न केवल परिजनों बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। मयंक शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा रेनबो पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद प्रतिभा के दम पर उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय कुरूद में हुआ, जहां उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई मेरिट के साथ पूरी की। आगे की तैयारी के लिए उन्होंने बड़े शहर का रुख करने के बजाय घर पर रहकर ऑनलाइन अध्ययन किया और स्व-अध्ययन के दम पर नीट में सफलता हासिल की। पढ़ाई के दौरान उनके दो मित्रों ने भी उन्हें मार्गदर्शन और प्रेरणा दी, जिनमें एक ट्रिपल आईटी हैदराबाद और दूसरा एम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।

मयंक की सफलता की खबर मिलते ही जिला साहू संघ धमतरी के पदाधिकारी उनके घर पहुंचे और पुष्पहार व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पूरे समाज के लिए गर्व का क्षण है। कहा कि प्रतिभा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं होती, बल्कि गांव और खेत-खलिहानों में भी प्रतिभाएं जन्म लेती हैं। कार्यक्रम में राजेन्द्र साहू, डीहू राम साहू, गवेन्द्र साहू, डाकुवर साहू, वीरेंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू, रोहिन मोहन, मंडल अध्यक्ष भोज साहू, सरपंच रांकाडीह गिरेश साहू, पूर्व सरपंच लोकेश साहू, तुलेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य तुलेराम साहू सहित ग्रामीणजन और परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story