मातृत्व के सफर में पुनीता को मिला सरकार का आर्थिक सहारा

WhatsApp Channel Join Now
मातृत्व के सफर में पुनीता को मिला सरकार का आर्थिक सहारा


सूरजपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। गर्भावस्था से लेकर बच्चे की देखभाल तक का समय महिलाओं और उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ जिम्मेदारियों से भी भरा होता है। ऐसे समय में सरकारी योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी पुनीता राजवाड़े के लिए भी योजना से मिली सहायता राशि मातृत्व के दौरान आर्थिक सहारा बनी।

पुनीता बताती हैं कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ मिला। योजना के तहत खाते में पहुंची सहायता राशि से पोषण आहार और बच्चे की देखभाल से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में परिवार को मदद मिली। बच्चे के जन्म के बाद पोषण और अन्य आवश्यकताओं पर होने वाले खर्च के बीच यह सहायता उनके लिए राहत का माध्यम बनी।

पुनीता के अनुसार, पहली किस्त के रूप में उन्हें 3,000 रुपये मिले। इस राशि से उन्होंने पोषण आहार और अपनी जरूरी जरूरतें पूरी कीं। इसके बाद 2,000 रुपये की दूसरी किस्त मिली, जिससे बच्चे की देखभाल में भी मदद मिली। उन्होंने कहा कि मातृत्व के दौरान योजना से मिली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी रही।

उन्होंने बताया कि डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचने से योजना का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान रही। पुनीता का कहना है कि जरूरत के समय मिलने वाली आर्थिक सहायता से गर्भवती और धात्री महिलाओं को काफी सहारा मिलता है।

सेवा संकल्प अभियान के दौरान पुनीता की कहानी उन परिवारों के अनुभव को सामने लाती है, जिन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण तथा स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

जिले में अब तक 3,206 गर्भवती माताओं को इस योजना का लाभ मिलने की जानकारी दी गई है। पुनीता जैसी लाभार्थी महिलाओं के लिए योजना से मिली सहायता मातृत्व के महत्वपूर्ण दौर में परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मददगार बनी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story