बलरामपुर : बेसलाइन सर्वेक्षण के लिए जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति, सुघ्घर छग अभियान को मिलेगी गति

WhatsApp Channel Join Now

31 जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों का होगा सर्वेक्षण, विकासखंड स्तर पर दिया जाएगा प्रशिक्षण

बलरामपुर, 26 जून (हि.स.)। सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत बेसलाइन सर्वेक्षण के प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के विभिन्न विकासखंडों हेतु जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति की है। इन मास्टर ट्रेनरों को जिलास्तरीय प्रशिक्षण के बाद विकासखंड स्तर पर सर्वेक्षण दलों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी आदेश के अनुसार रामचंद्रपुर विकासखंड के लिए जिला मिशन प्रबंधक जिला पंचायत ज्ञानेंद्र सिंह तथा प्रयास आवासीय विद्यालय भेलवाडीह के व्याख्याता राजू नवरंग को मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया है। शंकरगढ़ विकासखंड के लिए परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग राहुल कुमार सिंह एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक जिला पंचायत अशोक विश्वास को जिम्मेदारी दी गई है।

इसी प्रकार राजपुर विकासखंड के लिए मनरेगा तकनीकी समन्वयक अभिषेक मिश्रा तथा वीबीडी कंसल्टेंट जिला चिकित्सालय दिव्य किशोर गुप्ता को मास्टर ट्रेनर बनाया गया है। कुसमी विकासखंड के लिए उप संचालक पंचायत गौरव साहू एवं कार्यपालन अभियंता कार्यालय के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर राहुल गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वाड्रफनगर विकासखंड के लिए जिला रोजगार अधिकारी दिवाकर टांडिया एवं सहायक संचालक कृषि परमानंद वर्मा तथा बलरामपुर विकासखंड के लिए सहायक परियोजना अधिकारी ललित घरड़े एवं श्रम कल्याण निरीक्षक रोशन गुप्ता को मास्टर ट्रेनर नियुक्त किया गया है।

सभी चयनित मास्टर ट्रेनरों को एक जुलाई को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशिक्षण के उपरांत यह मास्टर ट्रेनर अपने-अपने विकासखंडों में सर्वेक्षण दलों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत 31 जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों का बेसलाइन सर्वेक्षण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story