कोरबा : 30 फीट नीचे खाई में गिरा आठ नई कारों से लदा कंटेनर, सभी कारें क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : 30 फीट नीचे खाई में गिरा आठ नई कारों से लदा कंटेनर, सभी कारें क्षतिग्रस्त


कोरबा : 30 फीट नीचे खाई में गिरा आठ नई कारों से लदा कंटेनर, सभी कारें क्षतिग्रस्त


कोरबा, 11 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर आज बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट के पास 8 नई कारों से लदा एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में कंटेनर सहित उसमें लोड सभी 8 नई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, दुर्घटना में कंटेनर चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, कंटेनर आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर स्थित महामाया ऑटो सेंटर के लिए 8 नई कारें लेकर जा रहा था। इसी दौरान बड़े मदनपुर घाट के पास तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते भारी कंटेनर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लोड सभी नई कारों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल चालक को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775177 Articles

Share this story