कचहरी चौक के पास तीन ठेला दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
जांजगीर-चांपा, 01 मार्च (हि. स.)। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी चौक के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे तीन ठेला दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं और अंदर रखा सामान राख में तब्दील हो गया। इस अग्निकांड में दुकान संचालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार आग की चपेट में एक कोल्ड्रिंक दुकान, एक मुर्रा दुकान और एक गन्ने के रस की दुकान आ गई। दुकानों में रखे फ्रिज, कूलर, कुर्सियां, प्लास्टिक सामग्री और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों तक आग फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस टीम रविवार सुबह दुकानाें का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि होली पर्व से पहले हुई इस घटना को देखते हुए असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दुकान संचालकों के अनुसार इस घटना में प्रत्येक दुकान को लगभग 1 से 2 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। पुलिस ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

