पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी
रायपुर, 13 जून (हि.स.)। राजधानी रायपुर के उरला थानांतर्गत स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई है। ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग ने देखते ही देखते बेहद विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री लपटों की चपेट में आ गई। वहीं इलाके में धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। दमकल व अन्य विभाग की टीम घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में टायर को जलाकर डामर तैयार किया जाता है। आज सुबह काम के दौरान अचानक आग लग गई। सूचना के बाद दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई है। फैक्ट्री परिसर में पुलिस की टीम भी मौजूद है, जो सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है।
प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्री में पुराने टायरों को अत्यधिक तापमान पर जलाकर डामर (बिटुमिनस सामग्री) तैयार करने का काम किया जाता था। आज काम के दौरान अचानक भड़की आग ने पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, आग इतनी भयानक है कि इससे उठने वाला गाढ़ा काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही साफ आसमान में दिखाई दे रहा है।
हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई मजदूर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार, फैक्ट्री परिसर के भीतर कुछ कर्मचारियों के फंसे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक प्रशासनिक तौर पर किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और उरला थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। प्रशासनिक अमला और राहत दल फैक्ट्री प्रबंधन के सहयोग से भीतर मौजूद रहे कर्मचारियों की सूची तैयार कर रहा है ताकि लापता लोगों का सटीक पता लगाया जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि, उनकी प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। आग बुझने के बाद ही हादसे में हुए वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

