कोरबा : फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख


कोरबा, 26 जून (हि. स.)। जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र के सोमवारी बाजार स्थित एक फर्नीचर दुकान में आज शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। दुकान में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान का शटर खोलने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अंदर रखे लकड़ी के फर्नीचर ने आग को तेजी से फैलने का मौका दे दिया। देखते ही देखते आग की लपटें पूरी दुकान में फैल गईं और छत की टीन की चादरें भी गर्म होकर टूटकर नीचे गिरने लगीं।

दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में लकड़ी, सोफा सेट, कुर्सियां, टेबल, अलमारी सहित अन्य महंगे फर्नीचर रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। तेज धुएं और ऊंची लपटों को देखकर आसपास के व्यापारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग के आसपास की दुकानों तक पहुंचने की आशंका से लोग दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाई, ताकि आग और अधिक न फैले। इसके बाद डायल 112 और दमकल विभाग को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने में कुछ विलंब हुआ, जिसके कारण स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने बाल्टी, ड्रम और पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। इस हादसे में व्यापारी को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

दुकान संचालक ने बताया कि दुकान में रखा तैयार फर्नीचर और कच्चा माल पूरी तरह जल गया है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story