अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : कोरबा में हुआ विशाल सामूहिक योगाभ्यास, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिया स्वस्थ समाज का संदेश
कोरबा, 21 जून (हि. स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रविवार काे कोरबा शहर स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आज भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और शहरवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, चिंता और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता के विकास में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। साथ ही नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण तथा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में पूरे देश और प्रदेश में योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। सभी नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाना चाहिए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन और शरीर के बीच संतुलन स्थापित करता है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने और निरोग जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से जिलेवासियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

