जशपुर में 240 जोड़ों का सामूहिक विवाह, सीएम विष्णु देव साय ने दिया आशीर्वाद
जशपुर, 28 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर 240 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने विवाह मंडप में पहुंचकर सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद व समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। इस आयोजन में विभिन्न समाजों के जोड़ों ने एक साथ विवाह कर सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 35 हजार रुपये सीधे चेक के माध्यम से दिए जाते हैं, जबकि शेष राशि वैवाहिक सामग्री और आयोजन व्यय पर खर्च होती है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को 35 हजार रुपये के चेक वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं और योजना की सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इससे न केवल बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग मिल रहा है, बल्कि अनावश्यक खर्चों पर भी नियंत्रण हो रहा है। सामूहिक विवाह के माध्यम से समाज में एकता और भाईचारे को भी बढ़ावा मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र और उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। यह आयोजन शासन की जनकल्याणकारी सोच और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बनकर सामने आया।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

