तीज पर्व निभाएंगी करू भात की रस्म, सुहागिन महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत

WhatsApp Channel Join Now
तीज पर्व निभाएंगी करू भात की रस्म, सुहागिन महिलाएं रखेंगी निर्जला व्रत


धमतरी, 12 सितंबर (हि.स.)। तीज पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर सुहाग की सलामती और सुखी दांपत्य जीवन की कामना करने वाले इस पर्व में निर्जला व्रत से एक दिन पहले करू भात की रस्म निभाई जाती है। इसी परंपरा के चलते शनिवार को महिलाओं ने करू भात के लिए करेले की जमकर खरीदारी की।

पर्व के चलते शहर के बाजार में करेले सब्जी की मांग बढ़ने से करेले के दाम भी तेजी से बढ़े और शनिवार शाम तक 80 से 100 रुपये किलो तक पहुंच गए। सब्जी विक्रेता कैलाश सोनकर ने बताया कि पर्व विशेष के दौरान कुछ सब्जियों की मांग अचानक बढ़ जाती है, जिससे उनके दाम में भी वृद्धि होती है। कुछ दिन पहले तक करेला लगभग 50 से 60 रुपये किलो बिक रहा था, लेकिन तीज पर्व के चलते इसकी मांग बढ़ने से भाव बढ़ गया है। मान्यता के अनुसार निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं व्रत से एक दिन पहले करू भात खाती हैं और परिवार के सदस्यों को भी खिलाती हैं। करू भात में करेले की सब्जी का विशेष महत्व माना जाता है। तीज पर्व के चलते मायके आने-जाने का सिलसिला भी तेज हो गया है।

वहीं बाजार में पूजा सामग्री, सुहाग सामग्री, फल, सब्जी, कपड़े और आभूषणों की खरीदारी के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार से ही शहर के प्रमुख बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई थी। कांच की चूड़ियों से लेकर सुहाग-साज-श्रृंगार की सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखाई दी। कपड़ा और ज्वेलरी दुकानों में भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। करू भात की रस्म के बाद सोमवार को सुहागिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर निर्जला व्रत रखेंगी। तीज पर्व को लेकर बाजार में रविवार को भी खरीदी-बिक्री का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। पर्व की तैयारियों के चलते दुकानदारों में भी उत्साह है, वहीं महिलाओं में तीज व्रत को लेकर विशेष उत्साह नजर आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story