करोड़ों की अनियमितता मामले में बलरामपुर डीईओ मनीराम यादव का स्थानांतरण

WhatsApp Channel Join Now
करोड़ों की अनियमितता मामले में बलरामपुर डीईओ मनीराम यादव का स्थानांतरण


करोड़ों की अनियमितता मामले में बलरामपुर डीईओ मनीराम यादव का स्थानांतरण


बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)।बलरामपुर-रामानुजगंज के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव का तबादला कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में उन्हें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसा, विकासखंड अंबिकापुर, जिला सरगुजा में प्राचार्य बनाया गया है। वहीं नरेन्द्र कुमार निरापुरे को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज की जिम्मेदारी दी गई है।

मनीराम यादव पर विभागीय कार्यों में करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के आरोपों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इनमें डीएफ मद, सफाई सामग्री, अध्ययन सामग्री, साइकिल वितरण और फर्नीचर खरीदी सहित विभिन्न मदों में वित्तीय नियमों की अनदेखी और राशि के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच के बाद जांच टीम की रिपोर्ट भी शासन को भेजी गई थी।

बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया था कि जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितताएं पाए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए शासन को भेज दिया गया था। अब स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से मनीराम यादव का तबादला आदेश जारी किया गया है।

हालांकि, करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के इस मामले में मनीराम यादव को फिलहाल केवल स्थानांतरित किया गया है। उन्हें निलंबित नहीं किया गया है। यानी जांच रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख होने के बावजूद अब तक उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई नहीं हुई है। आगे शासन स्तर पर जांच रिपोर्ट के आधार पर क्या कार्रवाई की जाती है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

जारी आदेश के अनुसार नरेन्द्र कुमार निरापुरे, प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल कोराचा, विकासखंड मानपुर, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज बनाया गया है। वहीं मनीराम यादव को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसा, विकासखंड अंबिकापुर, जिला सरगुजा में प्राचार्य पद पर पदस्थ किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story