कोरबा : मानिकपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो आरोपित को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : मानिकपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो आरोपित को किया गिरफ्तार


कोरबा, 05 अप्रैल (हि. स.)। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों मामलों में पीड़िताओं की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच की गई।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पहला मामला बालको क्षेत्र की एक युवती से जुड़ा है। आरोपित शैलेश गढ़वाल (24), जो मूलतः जयपुर का निवासी है और वर्तमान में कोरबा में अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहा था। उसी कार्यालय में कार्यरत था जहां पीड़िता काम करती थी। दोनों के बीच जान-पहचान हुई जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई और उसने बच्चे को जन्म दिया। बाद में शादी से इनकार करने पर पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरा मामला भी मानिकपुर चौकी क्षेत्र में दर्ज किया गया है। इसमें आरोपित प्रशांत साहू (24), निवासी सीएसईबी चौकी क्षेत्र, की दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से बालको क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। यह दोस्ती भी प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार युवती के साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपित ने मना कर दिया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story