विशाल घंटे की ओम ध्वनि से गूंजा मकेश्वर महादेव मंदिर, बारिश के लिए हुई विशेष प्रार्थना

WhatsApp Channel Join Now
विशाल घंटे की ओम ध्वनि से गूंजा मकेश्वर महादेव मंदिर, बारिश के लिए हुई विशेष प्रार्थना


धमतरी, 30 जून (हि.स.)। प्राचीन मकेश्वर महादेव मंदिर में संध्याकालीन आरती के दौरान विशालकाय प्राचीन घंटे से निकली ओम की दिव्य प्रतिध्वनि से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। मंदिर में भगवान मकेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार आम्र पत्रों से आकर्षक ढंग से किया गया और हरियाली, खुशहाली व समृद्धि की कामना के साथ 108 दीपों से महाआरती उतारी गई।

क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने की चिंता के बीच श्रद्धालुओं ने अच्छी बारिश, उत्तम फसल तथा जनकल्याण के लिए विशेष पूजा-अर्चना कर प्रार्थना की।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह धार्मिक अनुष्ठान वेदपाठी शास्त्री पंडित करण महाराज ने संपन्न कराया। पूजा के बाद भगवान भोलेनाथ को अर्पित महाप्रसाद स्वरूप समोसा एवं ऋतु फलों का वितरण किया गया। आरती में गोमती चौबे, राजेंद्र शर्मा, गोपाल कटारिया, पिंटू यादव, पप्पू सोनी, प्रदीप यादव, गोल्डी महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

इस अवसर पर नगर निगम के लोक निर्माण विभाग अध्यक्ष विजय मोटवानी ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में धर्म, कर्म और पूजा ही आत्मिक शांति एवं सुकून का सबसे बड़ा आधार हैं। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक गतिविधियों को अपनाकर जीवन को सार्थक बनाने का आह्वान किया।

वहीं पार्षद कुलेश सोनी ने कहा कि सनातन परंपरा हमारी सांस्कृतिक पहचान है। इसे आगे बढ़ाने और विश्व शांति का संदेश देने के लिए युवा पीढ़ी को धर्म एवं संस्कारों से जुड़ना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों में भी भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों का संरक्षण हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story