बिंद्रानवगांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.5 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
बिंद्रानवगांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.5 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त


राजस्व, पुलिस और ग्राम पंचायत की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान, अवैध निर्माण हटाए गए

धमतरी, 15 जून (हि.स.)। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत सोमवार को ग्राम बिंद्रा नवगांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1.5 एकड़ शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।

कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और ग्राम पंचायत की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमित भूमि पर बनाए गए अस्थायी ढांचों एवं अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। अभियान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरी की गई।

राजस्व अधिकारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों को कार्रवाई से पूर्व नियमानुसार सूचना एवं आवश्यक निर्देश दिए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी, पुलिस बल तथा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने बताया कि शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा न करें तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story