कोरबा : ‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान में बड़ी कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने पर 569 प्रकरण दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : ‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान में बड़ी कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने पर 569 प्रकरण दर्ज


कोरबा, 25 अप्रैल (हि. स.)। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और आमजन के जीवन की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिलेभर में थाना, चौकी, सहायता केंद्र और यातायात शाखा की संयुक्त टीमों द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एक जनवरी 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कुल 569 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अभियान के दौरान ऐसे मामलों पर विशेष फोकस किया गया, जहां चालक न केवल अपनी बल्कि अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डाल रहे थे।

सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 154 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण संबंधित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) को भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना एक गंभीर अपराध है, जो किसी भी समय घातक दुर्घटना का कारण बन सकता है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story