कोरबा में खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन में लगे 21 वाहन जब्त

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन में लगे 21 वाहन जब्त


कोरबा, 10 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में अवैध खनन, रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने लगातार तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाते हुए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी और सघन जांच की। इस दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन तथा गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त कुल 21 वाहनों को जब्त किया गया है। खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

खनिज विभाग से शनिवार काे मिली जानकारी के अनुसार, उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गुरुवार से विशेष अभियान शुरू किया गया। इसके तहत राताखार, सीतामढ़ी, बरमपुर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर दिन-रात जांच और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान तरदा में रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर, हरदीबाजार में एक टीपर, बरमपुर में एक ट्रैक्टर, पाली में दो ट्रैक्टर, सुराकछार में एक ट्रैक्टर और उमरेली में एक ट्रैक्टर पकड़ा गया।

इसके अलावा कुदुरमाल और सोनपुरी में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए आठ ट्रैक्टर जब्त किए गए। वहीं, गिट्टी का अवैध परिवहन करने के मामले में चार हाइवा और एक ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई। इस तरह अभियान के दौरान कुल 21 वाहनों को जब्त किया गया है।

जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सर्वमंगला पुलिस चौकी, उरगा थाना, पाली थाना तथा खनिज जांच चौकी उरगा और हरदीबाजार की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा संबंधित मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना है। इसके साथ ही प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों के कारण शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना भी प्राथमिकता है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story