जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 200 ट्रैक्टर रेत नदी में डलवाई गई, दाे हाईवा जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 200 ट्रैक्टर रेत नदी में डलवाई गई, दाे हाईवा जब्त


जांजगीर-चांपा, 10 अप्रैल (हि. स.)। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने आज शुक्रवार को ग्राम नवापारा में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

जांच के दौरान टीम को स्थल पर भारी मात्रा में अवैध रेत भंडारण मिला, जिस पर तत्काल प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई करते हुए नदी किनारे डंप की गई लगभग 200 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया, जिससे अवैध भंडारण को समाप्त किया जा सके।

इसके अलावा अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा वाहनों को भी जब्त किया गया। जब्त वाहनों को पुलिस लाइन में सुरक्षित रखा गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि संबंधित प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story