जांजगीर-चांपा: अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 हाइवा समेत 5 वाहन और मशीनें जब्त
जांजगीर-चांपा, 10 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर शनिवार, 10 अक्टूबर को बम्हनीडीह तहसील क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 3 हाइवा, 1 जेसीबी और 1 लोडर जब्त किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बम्हनीडीह तहसील क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के मामलों को लेकर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल पांच वाहन और मशीनें जब्त की गईं। कार्रवाई के समय तहसीलदार प्रशांत पटेल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा जब्त वाहनों और मशीनों से जुड़े दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

