अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर बड़ी कार्रवाई, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह पर 19.15 लाख रुपये का पर्यावरणीय जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर बड़ी कार्रवाई, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह पर 19.15 लाख रुपये का पर्यावरणीय जुर्माना


कोरबा, 27 नवंबर (हि. स.)। कोरबा जिले में राखड़ परिवहन और डंपिंग में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कड़ी कार्रवाई की है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व पर अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के मामले में 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।

कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, कोरबा को ग्राम गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डैम से राखड़ परिवहन में अनियमितता की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ओमकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैया तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (सीईसीबी), कोरबा के क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

संयुक्त जांच में पाया गया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व से राखड़ भराव के लिए ग्राम बैदरडी में स्थित राखड़ डंपिंग स्थल की अनुमति प्राप्त थी, लेकिन मौके पर राखड़ का वास्तविक भराव नहीं पाया गया। संयंत्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त स्थल के लिए कुल 43 ट्रिप राखड़ का परिवहन किया जाना बताया गया था। जांच के दौरान मौके पर एक भी ट्रिप राखड़ का वास्तविक भराव नहीं मिला।

इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए जांच दल ने 1277 घन मीटर राखड़ की मात्रा के आधार पर संबंधित विद्युत संयंत्र पर 19,15,500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही अवैध रूप से राखड़ परिवहन एवं डंपिंग करने वाले वाहनों को पकड़ने की कार्रवाई भी जारी है। पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784169 Articles

Share this story