धमतरी : आंबेडकर चौक पर बड़ा हादसा टला: कार से बचने के प्रयास में बाइक सवार नाले में गिरा

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : आंबेडकर चौक पर बड़ा हादसा टला: कार से बचने के प्रयास में बाइक सवार नाले में गिरा


धमतरी, 04 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल आंबेडकर चौक–रूद्री रोड पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी बाइक सहित पुल के नीचे नाले में जा गिरा। सौभाग्य से युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन उसकी बाइक गंदे पानी में फंसी रह गई, जिसे बाद में जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदनबिरही निवासी यशवंत साहू बाइक से रूद्री रोड की ओर जा रहा था। अम्बेडकर चौक पुल के पास सामने से आ रही एक कार से बचने के प्रयास में वह संतुलन खो बैठा और मानसरोवर के सामने बने नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी शिवा प्रधान के प्रयास से जेसीबी बुलवाई गई और काफी मशक्कत के बाद बाइक को नाले से बाहर निकाला गया। इस दौरान सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अम्बेडकर चौक से रूद्री रोड तक का मार्ग इन दिनों अत्यधिक व्यस्त हो गया है। सड़क के दोनों ओर सब्जी व्यवसायियों और फुटकर विक्रेताओं द्वारा सड़क तक सामान फैलाकर बिक्री की जा रही है। ऊपर से ध्वनि विस्तारक यंत्रों में दिनभर होने वाला शोर वाहन चालकों को भ्रमित कर देता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

शहर के नागरिक अनिल कुमार साहू, कुंदन सिंह ठाकुर, देवेंद्र कुमार देवांगन, टोकेश देवांगन और देव कुमार देवांगन ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर अतिक्रमण हटाने और अव्यवस्थित बाजार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story