महतारी वंदन योजना से बदली भारती धीवर की जिंदगी, आर्थिक सहायता से खरीदी सिलाई मशीन, स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ाए कदम
जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की भारती धीवर ने इस योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का सदुपयोग कर स्वरोजगार की शुरुआत की है। उन्होंने योजना के तहत प्राप्त राशि से सिलाई मशीन खरीदी और घर पर ही सिलाई का काम शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सामने आई भारती धीवर की सफलता की कहानी अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बन रही है। कभी परिवार की आर्थिक परेशानियों के कारण दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करने वाली भारती अब अपने हुनर के दम पर आय अर्जित कर रही हैं। सिलाई कार्य से होने वाली कमाई परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।
भारती धीवर ने बताया कि पहले परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। सीमित आय के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल होता था। ऐसे में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए सहारा बनी। उन्होंने इस राशि को घरेलू खर्चों में उपयोग करने के बजाय स्वरोजगार शुरू करने का निर्णय लिया और सिलाई मशीन खरीद ली। इसके बाद उन्होंने सिलाई का काम शुरू किया, जिससे अब उन्हें अतिरिक्त आमदनी होने लगी है।
महतारी वंदन योजना के साथ ही भारती धीवर को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का भी लाभ मिला है। इस योजना के तहत प्राप्त आर्थिक सहायता से गर्भावस्था के दौरान और बच्चे के जन्म के बाद पोषण, स्वास्थ्य तथा देखभाल संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली। इससे उन्हें अपने और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण पर ध्यान देने में सहूलियत हुई।
भारती धीवर का कहना है कि शासन की इन दोनों योजनाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। महतारी वंदन योजना ने जहां उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया, वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृत्व के दौरान आर्थिक सहयोग मिला। अब वे सिलाई कार्य के माध्यम से परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी योगदान दे रही हैं।
योजनाओं का लाभ मिलने पर भारती धीवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से मिली सहायता उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हुई है।
भारती धीवर की यह कहानी दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता का सही उपयोग महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। महतारी वंदन योजना जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

