हर बहन के चेहरे पर मुस्कान, विष्णु भैया का यही अरमान
बलरामपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन को लेकर बहनों में उत्साह है। मंगलवार को विकासखंड बलरामपुर के ग्राम डुमरखी की करिश्मा देवी के लिए त्योहार की तैयारियों में खुशी का एक और रंग जुड़ गया। रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन योजना की राशि उनके बैंक खाते में पहुंचने से त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गईं। अब वह अपने भाई के लिए अपनी पसंद की राखी और मिठाई खरीदने की तैयारी कर रही हैं।
करिश्मा के लिए खाते में पहुंची यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार त्योहार की तैयारी करने का भरोसा भी लेकर आई है। राशि मिलने से उन्हें राखी और मिठाई खरीदने के लिए किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। अपने खाते में उपलब्ध राशि से वह भाई के लिए रक्षाबंधन की जरूरी खरीदारी कर सकेंगी।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे महिलाएं अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के संबंध में स्वयं निर्णय लेने के साथ परिवार की आवश्यकताओं और महत्वपूर्ण अवसरों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर पा रही हैं। आर्थिक सहायता का असर अब घरेलू जरूरतों के साथ त्योहारों की तैयारियों में भी दिखाई दे रहा है।
करिश्मा के लिए इस बार रक्षाबंधन पर शासन से मिली आर्थिक सहायता भाई-बहन के स्नेह और खुशियों का हिस्सा बन गई है। राखी के धागे में भाई के प्रति स्नेह है, वहीं खाते में पहुंची राशि ने त्योहार की तैयारियों को आसान बनाया है।
करिश्मा देवी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार उनके लिए हमेशा खास रहा है, लेकिन इस बार महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से त्योहार की तैयारी और भी अच्छी लग रही है। खाते में राशि आने से उन्हें अपने भाई के लिए राखी और मिठाई खरीदने का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से मिल रहा यह संबल महिलाओं के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला है। उन्होंने योजना के लिए आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

