महतारी वंदन योजना से किरण चौहान के जीवन में बढ़ा आत्मविश्वास
कोरबा 11 अक्टूबर (हि. स.)। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने, परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग देने और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का संबल प्रदान कर रही है।
कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम रामपुर निवासी किरण चौहान भी इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। उनके अनुसार, यह राशि हर महीने समय पर बैंक खाते में पहुंच जाती है, जिससे उन्हें अपनी जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत मिलती है।
वे बताती हैं कि योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का आधार भी है। वे इस राशि का उपयोग अपनी आवश्यकताओं, घर-परिवार की जिम्मेदारियों और बच्चे की पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। इससे परिवार की जरूरतों में सहयोग देने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से किसी अन्य पर निर्भर रहने की आवश्यकता भी कम महसूस होती है।
किरण चौहान के लिए महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता उनके मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करती है। अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए स्वयं निर्णय ले पाने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने योजना से मिल रही सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि हर महीने मिलने वाली यह राशि उनके लिए बहुत उपयोगी है। योजना ने उन्हें अपनी जरूरतों को पूरा करने और परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग देने का भरोसा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

