बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के प्रयास से महत्मा गांधी पहुंचे थे धमतरी : प्रियंका

WhatsApp Channel Join Now
बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के प्रयास से महत्मा गांधी पहुंचे थे धमतरी : प्रियंका


बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव जयंती पर श्रद्धांजलि: धमतरी के युगपुरुष को किया गया नमन

धमतरी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के ब्राह्मण पारा स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की प्रतिमा पर उनकी जयंती के अवसर पर शनिवार को श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर उनके योगदान को स्मरण किया और उन्हें धमतरी का युगपुरुष बताया। जिला कार्यालय प्रभारी भाजपा विजय साहू एवं भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री प्रियंका सिन्हा ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के संघर्षमय जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधीका धमतरी आगमन संभव हुआ।

उन्होंने बताया कि जनकल्याण और जनहित के मुद्दों की सफलता के लिए गांधी जी दो बार धमतरी आए, जो शहर के इतिहास में गौरवपूर्ण अध्याय है। वक्ताओं ने नहर सत्याग्रह और मवेशी बाजार में खरीदी-बिक्री के विरोध में अंग्रेजों के खिलाफ चलाए गए आंदोलन का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव का संघर्ष आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन त्याग, साहस और जनसेवा का प्रतीक है, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी। कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के परिवारजनों—श्रेया श्रीवास्तव, पोते वितेश एवं रिंकू श्रीवास्तव से भेंट कर पुरोधा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पार्षद कोमल सारवा, संतोष सोनकर, संजय देवांगन, राजीव सिन्हा, रूक्मणी सोनकर, डॉली सोनी, शिवदत्त उपाध्याय, शिवनारायण छाटा, संतोष सारवा, ओंकार सहित मोहल्लेवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story