महतारी वंदन से बेटी के भविष्य की बचत

WhatsApp Channel Join Now
महतारी वंदन से बेटी के भविष्य की बचत


शंकरगढ़ की सुशीला पैकरा सुकन्या खाते में हर माह जमा कर रहीं 500 रुपये

बलरामपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवार अपनी जरूरत और भविष्य की योजनाओं के अनुसार उठा रहे हैं। शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम दुर्गापुर निवासी सुशीला पैकरा महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का एक हिस्सा अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत कर रही हैं। उन्होंने बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाया है, जिसमें हर माह 500 रुपये जमा कर रही हैं।

सुशीला पैकरा बताती हैं कि नियमित बचत से बेटी की पढ़ाई और भविष्य की अन्य जरूरतों के लिए अभी से आर्थिक तैयारी हो रही है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी मददगार साबित हो रही है। इससे उन्हें परिवार की आवश्यकताओं के साथ बेटी के भविष्य के लिए बचत करने में सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी नियमित बचत आगे चलकर बेटी की शिक्षा और अन्य जरूरतों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग वह अपनी पारिवारिक जरूरतों के साथ बेटी के भविष्य की तैयारी में कर रही हैं।

सुशीला पैकरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं से महिलाओं को अपनी जरूरतों के अनुसार आर्थिक निर्णय लेने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि बेटी के नाम बचत करना उनके लिए संतोष और खुशी की बात है।

सुशीला पैकरा की पहल यह दिखाती है कि सरकारी योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग परिवार अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आर्थिक तैयारी के लिए भी कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story