कोरबा में सावन के अंतिम सोमवार पर 12 पार्थिव शिवलिंगों का महा रुद्राभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में सावन के अंतिम सोमवार पर 12 पार्थिव शिवलिंगों का महा रुद्राभिषेक


कोरबा में सावन के अंतिम सोमवार पर 12 पार्थिव शिवलिंगों का महा रुद्राभिषेक


कोरबा, 24 अगस्त (हि. स.)। सावन के पावन अंतिम सोमवार के अवसर पर नगर निगम आवासीय परिसर स्थित श्री श्री 108 श्री महामृत्युंजय महादेव मंदिर में धार्मिक आयोजन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 12 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर उन्हें द्वादश ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप में प्रतिष्ठित किया गया और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महा रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया।

महा रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक कर सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ तथा महामृत्युंजय महादेव के जयघोष गूंजते रहे।

धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के पुरोहित पंडित नागेश्वर पुरी गोस्वामी, आशुतोषपुरी गोस्वामी, नागेंद्रपुरी गोस्वामी तथा दशनाम नागा संन्यासी दिगंबर अखिलेश पुरी महाराज के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वे पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के शिष्य हैं। महा रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधियों का पालन किया गया।

सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित इस विशेष पूजा में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर आध्यात्मिक शांति और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। आयोजन के सफल एवं शांतिपूर्ण संपादन में मंदिर समिति, श्रद्धालुओं और सहयोगीजनों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी के सुख-समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story