विश्व नवकार मंत्र दिवस पर धमतरी में गूंजा महामंत्र
सामूहिक जाप से वातावरण हुआ आध्यात्मिक
धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी। विश्व शांति, मानव कल्याण और आत्मिक उन्नति की कामना के साथ विश्व नवकार मंत्र दिवस पर नौ अप्रैल को धमतरी में सामूहिक नवकार मंत्र जाप का भव्य आयोजन किया गया। सकल जैन श्री संघ के तत्वावधान में सिहावा चौक स्थित जैन स्थानक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जैन समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
निर्धारित समय सुबह 8:10 बजे से 9:36 बजे तक पूरे विश्व के साथ धमतरी में भी एक स्वर में नवकार मंत्र का जाप किया गया। जैसे ही श्रद्धालुओं ने एक साथ मंत्रोच्चार शुरू किया, पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा, शांति और सकारात्मकता से भर उठा। आयोजन स्थल पर अनुशासन, भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने बताया कि नवकार मंत्र जैन धर्म का मूल एवं सर्वोच्च मंत्र है, जो किसी एक देवता या व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पंच परमेष्ठी—अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और साधु—की वंदना का प्रतीक है। इस मंत्र के जाप से मन, वचन और कर्म की शुद्धि होती है तथा जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि यह समता, अहिंसा, विनम्रता और विश्व बंधुत्व का संदेश देने वाला सार्वभौमिक मंत्र है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और अशांति के बीच ऐसे सामूहिक आयोजनों से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को मानसिक शांति मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया, जो जैन संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने विश्व में शांति, सद्भावना और समृद्धि की कामना करते हुए नवकार मंत्र को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

