महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर का भारत प्रत्यर्पण बड़ी सफलता : मुख्यमंत्री साय

WhatsApp Channel Join Now
महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर का भारत प्रत्यर्पण बड़ी सफलता : मुख्यमंत्री साय


मुख्यमंत्री साय ने सीबीआई और सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की

रायपुर 02 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाए जाने को केंद्रीय जांच एजेंसियों की बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के माध्यम से महादेव सट्टा ऐप के अवैध कारोबार, इससे जुड़े पूरे नेटवर्क और प्रोटेक्शन मनी प्राप्त करने वाले लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने आज साेमवार काे पत्रकाराें से चर्चा करते हुए कहा कि महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर लंबे समय से विदेश में था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) लगातार प्रयास कर रही थी कि उसे भारत लाया जाए, ताकि इस पूरे प्रकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकें। सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से उसका भारत प्रत्यर्पण संभव हुआ है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सौरभ चंद्राकर का भारत प्रत्यर्पण एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता के लिए सीबीआई और सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आएगी कि महादेव सट्टा ऐप के अवैध कारोबार से किन-किन लोगों को प्रोटेक्शन मनी दी जाती थी और इस पूरे मामले में किन लोगों की क्या भूमिका रही है। इससे जांच को नई दिशा मिलेगी और प्रकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770848 Articles

Share this story