महादेव बेटिंग ऐप मामला में विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर भूपेश बघेल ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
रायपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। महादेव सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार ईबिक्सकैश के चेयरमैन विकास गर्ग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास गर्ग भाजपा, दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन हैं और भाजपा के पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग के पुत्र हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा ऐप पूरी तरह भाजपा के संरक्षण में संचालित हो रहा था और इसे भाजपा का 'सट्टा विंग' करार दिया।
इन आरोपों पर भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जिनका संरक्षण था, आज वे तिलमिलाए हुए हैं। उन्होंने भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे महादेव सट्टा ऐप के खुद पैरोकार थे। महादेव सट्टा ऐप के कारण छत्तीसगढ़ में महादेव का श्राप लगा और 2023 में कांग्रेस साफ हो गई। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे किसी भी आरोपित के साथ संलिप्तता माफ नहीं की जाएगी।
ज्ञात हो कि भूपेश बघेल ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लंबी पोस्ट साझा करते हुए इस पूरे मामले को भाजपा से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए। भूपेश बघेल ने दावा किया कि ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए विकास गर्ग का नाम मीडिया में सामने आ रहा है, लेकिन कई महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा रही हैं।
छत्तीसगढ़ पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश ने कहा कि ईडी ने विकास गर्ग को कथित तौर पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन के मामले में गिरफ्तार किया है। साथ ही, उनकी और उनसे जुड़ी कंपनियों की 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां भी जब्त की जा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन को भाजपा के शीर्ष नेताओं का संरक्षण प्राप्त था और कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर आंतरिक विवाद के बाद ही ईडी ने कार्रवाई की।
भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि विकास गर्ग कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से हर महीने लगभग 450 करोड़ रुपये की कमाई कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में जानकारी सिंडिकेट के शीर्ष स्तर तक पहुंचने के बाद कार्रवाई की गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी कारण वह लगातार यह कहते रहे हैं कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप भाजपा के संरक्षण में संचालित एक नेटवर्क है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में भाजपा का संरक्षण रहा है।
अपनी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप के खिलाफ सबसे पहले उनकी सरकार ने कार्रवाई शुरू की थी। उनके अनुसार, उस दौरान करीब 72 एफआईआर दर्ज की गईं, 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, हजारों बैंक खाते सीज किए गए तथा बड़ी संख्या में लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने गूगल को पत्र लिखकर महादेव ऐप को प्ले स्टोर से हटाने की मांग की थी और इसके संचालकों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के लिए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को भी लिखा था।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार की इन कार्रवाइयों के बावजूद भाजपा ने उल्टा कांग्रेस सरकार पर ही आरोप लगाए और उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया।
पोस्ट के अंत में उन्होंने केंद्र सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि यदि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के खिलाफ जांच जारी है, तो अब तक इस पर पूर्ण रूप से कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐप से जुड़े कथित ऑपरेटरों को विदेशों से भारत क्यों नहीं लाया जा सका।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

