महादेव सट्टा एप पर दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- भूपेश सरकार ने दर्ज कराई थीं 72 एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
महादेव सट्टा एप पर दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- भूपेश सरकार ने दर्ज कराई थीं 72 एफआईआर


रायपुर, 03 नवंबर (हि. स.)। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को भारत लाने में काफी देरी हुई है। उसे भारत लाने की कार्रवाई में पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

बैज ने दावा किया कि, महादेव सट्टा एप के खिलाफ पहली एफआईआर से लेकर कुल 72 एफआईआर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दर्ज की गई थीं। इस दौरान 500 से अधिक जब्तियां और गिरफ्तारियां भी हुई थीं। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को भारत लाया गया है, लेकिन रवि उप्पल और शुभम सोनी को कब लाया जाएगा? कांग्रेस सरकार के अनुरोध पर ही महादेव एप को प्ले स्टोर से हटाया गया था। रायपुर पुलिस की अर्जी पर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी हुआ था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर चुनाव के दौरान महादेव एप को लेकर राजनीतिक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि डबल इंजन की सरकार के तीन साल बाद भी महादेव सट्टा एप बंद क्यों नहीं हुआ? आज भी सोशल मीडिया पर इसके विज्ञापन उपलब्ध हैं।

बैज ने दिसंबर 2025 में सामने आए कथित नामों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी हीरेन जोशी, वित्त आयोग के सदस्य हितेश जैन और प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत सहगल की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महादेव सिंडिकेट से जुड़े रेड्डी अन्ना, फेयरप्ले, लोटस 365, विनबज सहित कई ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म आज भी सक्रिय हैं। उन्होंने भाजपा आर्थिक सेल के पूर्व संयोजक विकास गर्ग की भूमिका की जांच की भी मांग की।

बैज ने 2023 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि शुभम सोनी का वीडियो भाजपा कार्यालय से जारी किया गया था। उन्होंने एक काले रंग की इनोवा से पैसे बरामद होने के दावे पर भी सवाल उठाए और कहा कि जांच एजेंसियां इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं कर रही हैं।

बैज ने कहा कि, महादेव सट्टा एप का मामला केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित रूप से संरक्षण देने वालों सहित सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story