माली की बेटी ने नीट में हासिल की सफलता
पिता वर्षों से बगीचा संवारते रहे, बेटी ने किताबों से संवारा अपना भविष्य
सूरजपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत सफलता की राह खोल सकती है। सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐसी ही प्रेरक कहानी सामने आई है गायत्री सिंह की, जिन्होंने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर डॉक्टर बनने के अपने सपने की ओर महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। सूरजपुर कलेक्टर निवास में वर्ष 2014 से माली के रूप में काम कर रहे ठाकुर प्रसाद की बेटी गायत्री ग्राम नुनेरा, विकासखंड उदयपुर, जिला सरगुजा की रहने वाली हैं।
सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी गायत्री ने पढ़ाई को अपनी ताकत बनाया। परिवार में डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ने वाली वह पहली सदस्य हैं। बेटी की सफलता से उनके माता-पिता और पूरा परिवार उत्साहित है।
गायत्री की सफलता की जानकारी मिलने पर कलेक्टर रेना जमील ने गुरुवार काे उनसे मुलाकात की। उन्होंने नीट में सफलता के लिए गायत्री को बधाई दी और आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने उन्हें उपहार भी भेंट किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात से गायत्री का उत्साह और बढ़ा।
गायत्री ने कक्षा पांचवीं तक की पढ़ाई झिरमिटी प्राथमिक शाला से की। इसके बाद कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई एकलव्य विद्यालय सन्ना में पूरी की। पढ़ाई के दौरान कक्षा दसवीं में उन्होंने डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय किया। कक्षा 12वीं में बायोलॉजी विषय के साथ उन्होंने 69 प्रतिशत अंक हासिल किए और इसके बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुट गईं।
अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए गायत्री वर्ष 2025 में भिलाई गईं, जहां उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कोचिंग ली। तैयारी के दौरान उन्होंने पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन करीब 10 घंटे अध्ययन किया। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी तथा कोचिंग की पुस्तकों और अध्ययन सामग्री पर ध्यान केंद्रित किया। लगातार अध्ययन और कठिन तैयारी के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं भटकने दिया।
गायत्री अपनी सफलता का श्रेय मेहनत और आत्मविश्वास को देती हैं। उनका कहना है कि विद्यार्थियों को सबसे पहले यह तय करना चाहिए कि वे किस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। लक्ष्य तय करने के बाद उसके लिए लगातार प्रयास करते रहना जरूरी है। हार-जीत की चिंता किए बिना खुद पर विश्वास रखकर मेहनत जारी रखने से सफलता की राह आसान होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

