रामानुजगंज में महामाया मंदिर परिसर में एबीवीपी कार्यालय के बोर्ड को लेकर विवाद, समाजसेवियों ने मिटाया नाम

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजगंज में महामाया मंदिर परिसर में एबीवीपी कार्यालय के बोर्ड को लेकर विवाद, समाजसेवियों ने मिटाया नाम


रामानुजगंज में महामाया मंदिर परिसर में एबीवीपी कार्यालय के बोर्ड को लेकर विवाद, समाजसेवियों ने मिटाया नाम


बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित वार्ड क्रमांक 9 के मां महामाया मंदिर परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यालय का नाम लिखे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर परिसर के अतिरिक्त कमरे में कार्यालय का नाम लिखे जाने का पुजारी, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष और समाजसेवियों ने विरोध किया।

गुरुवार को मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडेय, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह, समाजसेवी आलोक गुप्ता और युवा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर रंग से लिखे कार्यालय के नाम को पेंट से मिटाया गया।

नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर में अतिरिक्त कमरों का निर्माण नगर के वरिष्ठ समाजसेवियों ने सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के उद्देश्य से कराया था। इन कमरों का उपयोग वैवाहिक कार्यक्रमों, बैठकों, लोगों के ठहरने और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि बुधवार शाम अचानक इन कमरों में एबीवीपी कार्यालय का नाम लिख दिया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद मंदिर के पुजारी और समाजसेवियों के साथ मिलकर इसका विरोध किया गया।

मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडेय ने बताया कि मां महामाया मंदिर सरगुजा महाराज के समय का बना हुआ है। मंदिर परिसर के अतिरिक्त कक्ष किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि समाजसेवियों ने सामूहिक सहयोग से सार्वजनिक उपयोग के लिए बनवाए थे। इनका इस्तेमाल सभी लोग सार्वजनिक संपत्ति के रूप में करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से एक संस्था द्वारा यहां निजी कब्जे की कोशिश की जा रही है।

पुजारी ने आशंका जताई कि कार्यालय का नाम लिखना कब्जे की शुरुआती प्रक्रिया हो सकती है। आगे चलकर इसी आधार पर जमीन के पट्टे की मांग भी की जा सकती है। इसी आशंका के चलते मंदिर परिसर में लिखे गए कार्यालय के नाम को मिटाकर विरोध दर्ज कराया गया।

उपलब्ध राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार मंदिर परिसर और आसपास की भूमि अलग-अलग खसरों में दर्ज है। खसरा नंबर 631 में 0.82 डिसमिल नजूल की खुली भूमि, खसरा नंबर 632 में 0.16 डिसमिल भूमि पर मकान और महामाया मंदिर का अहाता, खसरा नंबर 633 में 0.04 डिसमिल भूमि पर मकान और रसोईघर, खसरा नंबर 634 में 0.03 डिसमिल भूमि पर मां महामाया मंदिर तथा खसरा नंबर 635 में 0.88 डिसमिल नजूल की खुली भूमि दर्ज बताई गई है। इन सभी खसरों का कुल रकबा 1.94 एकड़ बताया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775758 Articles

Share this story