रामानुजगंज में भक्तिमय माहौल के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजगंज में भक्तिमय माहौल के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन


बलरामपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। विजयादशमी के अवसर पर रामानुजगंज में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन भक्तिमय माहौल में किया गया। पूजा-अर्चना के बाद गुरुवार देर शाम से शुरू हुआ विसर्जन का सिलसिला मंगलवार की देर रात तक चलता रहा। नगर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों से श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ शोभायात्रा निकालकर शिव मंदिर घाट स्थित कन्हर नदी पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

विसर्जन यात्रा के दौरान नगर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही। मां दुर्गा के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भक्त उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। महिला, पुरुष और बच्चे भी भक्ति के रंग में झूमते दिखाई दिए। जगह-जगह लोगों ने मां दुर्गा को अंतिम प्रणाम कर विदाई दी।

शिव मंदिर घाट स्थित कन्हर नदी तट पर पहुंचने के बाद पूजा-अर्चना कर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष मां दुर्गा के पुनः आगमन की कामना की। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।

विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस की निगरानी में विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764148 Articles

Share this story