विधि विधान से हुआ भगवान जगन्नाथ का महास्नान , दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
विधि विधान से हुआ भगवान जगन्नाथ का महास्नान , दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


विधि विधान से हुआ भगवान जगन्नाथ का महास्नान , दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


धमतरी, 15 जुलाई (हि.स.)। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा से पूर्व जगदीश मंदिर में पारंपरिक रस्म निभाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज बुधवार को जगदीश मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा को मंत्रोच्चारण के साथ पुनः स्नान कराया गया। स्नान के बाद भगवान को श्वेत वस्त्र पहनाया गया। फूल व अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर पूजा अर्चना की गई।

मठ मंदिर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में देवी देवताओं के स्नान कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मंदिर में देव स्नान को लेकर काफी दिनों से तैयारी की जा रही थी। सुबह 11 बजे जगन्नाथ मंदिर में भगवान को देव स्नान कराया गया। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की प्रतिमा को गर्भगृह से बाहर निकालकर मंदिर परिसर में रखा गया। पंडित बालकृष्ण शर्मा की अगुवाई में पूजा अर्चना की गई। मंत्रोचार के साथ विधिपूर्वक स्नान कराकर पूजा पाठ व आरती हुई। इस अवसर पर जगदीश मंदिर ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे।

16 जुलाई गुरूवार को भगवान जगन्नाथ बड़े भैया बलभद्र, बहन सुभद्रा रथ में सवार होकर नगर यात्रा के लिए निकलेंगे। रथयात्रा को लेकर ट्रस्ट द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। रथयात्रा के अलौकिकता की भव्यता को निहारने के लिए भक्त काफी उत्सुक हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार रथयात्रा के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा गुढ़िचा बाड़ी में निवास करते हैं। इस मंदिर को महाप्रभु की मौसी का घर माना जाता है। इसे संसारिक यात्रा के तौर पर भी देखा जाता है।

धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुसार भक्तों को भगवान के दर्शन के लिए मंदिर के गर्भगृह में जाना पड़ता है लेकिन रथयात्रा के दौरान ब्रम्हांड के स्वामी भगवान जगन्नाथ, बड़े भैया बलभद्र और बहन सुभद्रा स्वयं भक्तों को दर्शन देने और उसके सुख दुख में शामिल होने के लिए रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हैं।

वहीं 16 जुलाई को भव्य रथयात्रा पश्चात् मौसी के घर कुछ दिन रहने के बाद 27 जुलाई को भगवान जगन्नाथ अपनी बहन और भाई के साथ श्री जगदीश मंदिर में वापस लौटेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story