कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का कहर जारी, बंजारी में तीन मकान तोड़े

WhatsApp Channel Join Now
कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का कहर जारी, बंजारी में तीन मकान तोड़े


कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का कहर जारी, बंजारी में तीन मकान तोड़े


-करतला रेंज में दंतैल की दस्तक से बढ़ी दहशतकोरबा, 27 जुलाई (हि. स.)।कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एतमानगर रेंज के ग्राम बंजारी में रविवार देर रात लोनर हाथी ने फिर घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने एक के बाद एक तीन मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि समय रहते ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे जंगल से निकला लोनर हाथी बंजारी के केवचेरवा पारा और भदरापारा पहुंच गया। यहां उसने सबली बाई (पति शिवधन), श्याम बाई (पति अमीर) तथा बुधवारों (पति बुधराम) सहित तीन ग्रामीणों के मकानों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की। इस दौरान घरों में रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचे। टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित घरों से बाहर निकाला और काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे के दौरान इसी लोनर हाथी ने बंजारी गांव में कुल छह से अधिक मकानों को क्षतिग्रस्त किया है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग और हाथी मित्र दल लगातार गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं तथा हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रखे हुए हैं। इसके बावजूद हाथी बार-बार जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहा है।

इधर, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज के ग्राम घोटमार में भी एक दंतैल हाथी की आमद से वन विभाग सतर्क हो गया है। कुदमुरा की ओर से पहुंचे दंतैल हाथी की निगरानी के लिए वन अमला लगातार गश्त कर रहा है। घोटमार और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।

डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि बंजारी में बीती रात तीन मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सभी प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। निगरानी दल लगातार क्षेत्र में तैनात है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के बाद मकानों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और नियमानुसार प्रभावित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story