जगदलपुर कलेक्ट्रेट में गूंजा जनजातीय गौरव दिवस का संदेश, प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुना

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर कलेक्ट्रेट में गूंजा जनजातीय गौरव दिवस का संदेश, प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुना


जगदलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। 'धरती आबा' बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और जनजातीय समुदाय के उत्थान तथा विरासत के संरक्षण पर अपने विचार साझा किए। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रविवार काे जगदलपुर कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।

जगदलपुर कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित इस लाइव प्रसारण के दौरान योग आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, महापौर संजय पाण्डे, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, आदिवासी विकास विभाग के उपायुक्त गणेश सोरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा जनजातीय समुदाय के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को उत्साहपूर्वक सुना।

इस कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और उनके समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया गया। अंत में जिला प्रशासन एवं आदिवासी विकास विभाग की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story