दूसरे राज्यों की शराब के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, 15.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा के साथ आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दूसरे राज्यों की शराब के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, 15.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा के साथ आरोपित गिरफ्तार


बलरामपुर, 22 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय पर नियंत्रण के लिए आबकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज शनिवार को वाड्रफनगर वृत्त क्षेत्र में संयुक्त टीम ने अन्य प्रांत की मदिरा के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए 15.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की है। मामले में आरोपित अर्जुन साव, निवासी ग्राम सिलाजु, थाना रामचंद्रपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

संयुक्त टीम ने आरोपित के कब्जे से उत्तर प्रदेश और झारखंड प्रांत की मदिरा बरामद की। जब्त शराब में 375 एमएल की 20 नग 8 पीएम व्हिस्की, 375 एमएल की 6 नग रॉयल स्टैग तथा 500 एमएल की 12 नग किंगफिशर बीयर केन शामिल हैं। कुल 15.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई।

मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले में अवैध मदिरा के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी रखते हुए अन्य प्रांतों से होने वाले अवैध मदिरा के परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story