बिजली लाइन सुधारते समय करंट लगने से लाइनमैन की हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now
बिजली लाइन सुधारते समय करंट लगने से लाइनमैन की हुई मौत


कोंडागांव, 05 अक्टूबर (हि.स.)।कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी में बिजली लाइन सुधारने के दौरान सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत वितरण कंपनी का संविदा लाइनमैन घनश्याम निषाद (23वर्ष ) करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका लगने के बाद सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। इस हादसे में गंभीर चोट के बाद साथी कर्मचारी उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुरी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार घनश्याम निषाद विद्युत वितरण कंपनी में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। बिजली संबंधी शिकायत मिलने पर वह सुधार कार्य के लिए मौके पर पहुंचा था। सहायक अभियंता ललित टीकम के अनुसार, बिजली लाइन पर काम शुरू करने से पहले सप्लाई बंद की जानी थी, लेकिन लाइन बंद नहीं की गई। इसी दौरान पोल पर चढ़ते समय घनश्याम को अचानक करंट का झटका लगा। करंट लगने के बाद घनश्याम ने साथियों को बताया कि उसे बिजली का झटका लगा है। इसके बाद वह नीचे उतरने लगा, लेकिन तीन-चार सीढ़ियां उतरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्रामपुरी पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर रही है। हादसे की सूचना से बिजली विभाग के कर्मचारियों में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि कुछ माह पहले भी विश्रामपुरी क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के दौरान एक लाइनमैन की मौत हो चुकी है। लगातार ऐसे हादसों के बाद बिजली सुधार कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और सप्लाई बंद करने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सहायक अभियंता ललित टीकम विद्युत वितरण कंपनी ने बताया कि घनश्याम निषाद संविदा कर्मचारी था और शिकायत मिलने पर सुधार कार्य के लिए गया था। उनके मुताबिक पोल पर चढ़ते समय बिजली सप्लाई बंद नहीं थी, जिससे उसे करंट का झटका लगा। इसके बाद नीचे उतरते समय वह तीन-चार सीढ़ियों से गिरकर सिर के बल जमीन पर गिर गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story