छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार, तापमान में आई गिरावट से गर्मी से मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सभी जिलाें में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचने के बाद बारिश का सिलसिला जारी है। रायपुर शहर में गुरुवार को बूंदाबांदी जारी रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से हल्की राहत मिली है। अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण संभाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर जोन बनने से प्रदेश भर में अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधि जारी रह सकती है।

प्रदेश में गुरुवार को अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर जमकर बारिश हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर उड़ीसा-पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बन गया है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अगले दो से तीन दिनों में और अधिक प्रबल होने की संभावना है। सीजनल द्रोणिका उत्तर पश्चिम राजस्थान से उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक विंडशियर जोन 21 डिग्री उत्तर में 3.1 कम से 7.6 कम ऊंचाई तक विस्तारित है।

इन मौसम प्रणालियों से प्रदेश में आज शुक्रवार काे अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार बन रहे हैं। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़, वज्रपात और भारी वर्षा होने की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में आज सुबह से काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज बादल गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story