धमतरी में तेज आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पेड़ गिरे और बिजली व्यवस्था प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में तेज आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पेड़ गिरे और बिजली व्यवस्था प्रभावित


धमतरी में तेज आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पेड़ गिरे और बिजली व्यवस्था प्रभावित


धमतरी में तेज आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पेड़ गिरे और बिजली व्यवस्था प्रभावित


धमतरी, 15 मई (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान का असर शुक्रवार को धमतरी जिले में भी देखने को मिला। सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ आसमान में घने बादल छा गए। दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए, वहीं कई क्षेत्रों में कुछ समय के लिए गतिविधियां थम सी गईं।

तेज हवा के कारण शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कई पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। रुद्री रोड और आमदी रोड में पेड़ गिरने से कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। कई स्थानों पर बिजली के तार टूट गए, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अनेक मोहल्लों में चार से पांच घंटे तक वोल्टेज डाउन की स्थिति बनी रही, जबकि कुछ क्षेत्रों में देर तक अंधेरा पसरा रहा। आंधी का असर एक विवाह समारोह पर भी पड़ा। शहर के एक मैरिज हॉल के बाहर शादी के लिए लगाया गया विशाल स्ट्रक्चर तेज हवा में पूरी तरह उखड़ गया।

घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली। चक्रवाती असर से जिले के किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। नगरी, मगरलोड और कुरूद ब्लॉक में कई किसानों की धान फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है। तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में फसल गिर गई, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

किसान सूरज साहू और बसंत साहू ने बताया कि तूफान के कारण तैयार हो रही धान फसल को नुकसान पहुंचा है, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा। बिजली विभाग के शहर यंत्री भरत लाल सिन्हा ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण कुछ स्थानों पर बिजली तार टूटने की शिकायतें मिली हैं। विभागीय टीमों को सुधार कार्य में लगाया गया है और जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story