पामगढ़ में जानलेवा हमला: चाकू और बेसबॉल स्टिक से हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार, हथियार व खून लगे कपड़े जब्त

WhatsApp Channel Join Now
पामगढ़ में जानलेवा हमला: चाकू और बेसबॉल स्टिक से हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार, हथियार व खून लगे कपड़े जब्त


जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 17 सितंबर (हि. स.)। पामगढ़ थाना क्षेत्र के चण्डीपारा में पूर्व विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू और बेसबॉल स्टिक से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपिताें ने पूर्व नियोजित तरीके से हमला किया था। घटना में प्रयुक्त चाकू, बेसबॉल स्टिक और खून के निशान वाले कपड़े भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, चण्डीपारा निवासी कमलेश यादव ने 16 सितंबर को पामगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर को गाय को मारकर भागने की बात को लेकर योगेश यादव और गोलू मिरी ने संतोष जायसवाल के साथ मारपीट की थी। इस घटना में कमलेश यादव गवाह था।

16 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे कमलेश यादव अपने दोस्त गोलू उर्फ संजय मिरी के साथ मोटरसाइकिल से पामगढ़ की ओर जा रहा था। यासनी मंजिल, चण्डीपारा मेन रोड के पास आकाश जायसवाल, रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव रास्ते में मिले। आरोप है कि तीनों ने माेटरसाइकिल रुकवाकर पूर्व विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद मारपीट की।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आकाश जायसवाल ने चाकू से गोलू उर्फ संजय मिरी पर हमला किया। संजय ने बचने का प्रयास किया, लेकिन चाकू का वार उसकी पीठ में लगा और वह मौके पर गिर गया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। वहीं, मुक्कु यादव पर कमलेश यादव के साथ बेसबॉल स्टिक से मारपीट करने और रितेश जायसवाल पर हाथ-मुक्के से हमला करने का आरोप है। घटना में कमलेश के सिर के ऊपर भी चोट आई।

मामले में पामगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 389/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 351(3), 109(1), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू और बेसबॉल स्टिक के साथ आरोपित द्वारा घटना के समय पहनी गई शर्ट और बनियान भी जब्त की। पुलिस के अनुसार, कपड़ों पर घायल गोलू उर्फ संजय मिरी के खून के निशान मिले हैं। इन सामग्रियों को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपित रितेश जायसवाल (उम्र 25 वर्ष) निवासी चण्डीपारा को आज 17 सितंबर को अकलतरा से पकड़ा। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सउनि प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल और विनोद मनहर का योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story