बलरामपुर : किशोरियों के जीवन कौशल विकास पर दो दिवसीय कार्यशाला
बलरामपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। जनजातीय क्षेत्रों की किशोरियों के समग्र विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आज रविवार बलरामपुर विकासखंड के लाईवलीहुड कॉलेज, भेलवाडीह में दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग और रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावासों की अधीक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यशाला में कक्षा 6वीं से 10वीं तक की छात्राओं के साथ काम करने वाली अधीक्षिकाओं को किशोरावस्था, जीवन कौशल, लैंगिक समानता और सहजकर्ता की भूमिका जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे शिक्षा और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास समीक्षा जायसवाल ने प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए पोस्टर और विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल किशोरियों ही नहीं, बल्कि किशोर बालकों के समग्र विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधीक्षिकाओं से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को छात्राओं तक पहुंचाने और उनकी प्रतिभा को निखारने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में बलरामपुर, शंकरगढ़, कुसमी और रामचंद्रपुर के मंडल संयोजकों के अलावा रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट के शैलेन्द्र कुमार भारद्वाज, दीपा पटेल तथा अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

