कोरबा : आरटीओ कार्यालय के सामने अवैध अतिक्रमण हटाने निगम आयुक्त को पत्र

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : आरटीओ कार्यालय के सामने अवैध अतिक्रमण हटाने निगम आयुक्त को पत्र


ऑनलाइन केंद्रों द्वारा अधिक शुल्क वसूली की शिकायतों पर जताई चिंता

कोरबा, 2 जून (हि. स.)। जिला परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के आसपास बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या ने आज मंगलवार काे नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कार्यालय परिसर के सामने स्थित भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।

जानकारी के अनुसार, जिला परिवहन कार्यालय के सामने ग्राम रामपुर स्थित खसरा नंबर 203/1 की भूमि का एक हिस्सा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, संभाग कोरबा को संभागीय कार्यालय भवन निर्माण के लिए आबंटित किया गया है। इसके बावजूद उक्त भूमि पर कई ठेला, गुमटी और अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं, जिन्हें विभाग ने अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में बताया है।

आरटीओ द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि इन ठेला-गुमटियों में कुछ लोगों द्वारा ऑनलाइन आवेदन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। आरोप है कि ये लोग ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन तथा अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने वाले आवेदकों से संपर्क कर निर्धारित शासकीय शुल्क से अधिक राशि की मांग करते हैं। इससे नागरिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधियों से संबंधित शिकायतें समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों के कारण आम जनता के बीच परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भ्रम की स्थिति बनती है तथा शासन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या ने कहा कि जिला परिवहन कार्यालय में आने वाले आवेदकों को शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया और शुल्क के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कार्यालय के बाहर संचालित कुछ अनधिकृत केंद्रों की गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। आम नागरिकों के हितों की रक्षा तथा पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यालय परिसर के आसपास के अवैध अतिक्रमण को हटाया जाना आवश्यक है। इससे लोगों को किसी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अतिरिक्त आर्थिक भार का सामना नहीं करना पड़ेगा।

वहीं, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि आरटीओ कार्यालय से भेजा गया पत्र प्राप्त हो गया है। पत्र को परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले का परीक्षण कर नियमानुसार जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने नगर निगम से कार्यालय परिसर के आसपास संचालित अवैध ठेला-गुमटियों एवं अन्य अतिक्रमणों को हटाने की मांग की है, ताकि नागरिकों को पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध हो सकें तथा शासकीय संस्थानों की विश्वसनीयता बनी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story