हम संकल्प लें कि अपने शहर की मोहब्बत, भाईचारा-सद्भाव की परंपरा को मजबूत करेंगे : डॉ. एस. जहीरूद्दीन

WhatsApp Channel Join Now
हम संकल्प लें कि अपने शहर की मोहब्बत, भाईचारा-सद्भाव की परंपरा को मजबूत करेंगे : डॉ. एस. जहीरूद्दीन


जगदलपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी, जगदलपुर के सदर डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने शहर सहित समस्त बस्तर वासियों एवं देशवासियों को दिली मुबारकबाद पेश किया। उन्हाेंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी और जश्न का अवसर नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का भी अवसर है।

उन्होंने पूरी आवाम से अपील करते हुए कहा कि हम अपने आचरण में मोहब्बत, रहमदिली, इंसाफ, सच्चाई, ईमानदारी और इंसानियत को जगह दें तथा समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को और मजबूत करें। डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने कहा कि आइए, जश्ने ईद मिलादुन्नबी के इस मुबारक मौके पर हम यह संकल्प लें कि हम अपने शहर की मोहब्बत, भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को और मजबूत करेंगे। किसी के दिल को ठेस नहीं पहुंचाएंगे, जरूरतमंद के काम आएंगे और इंसानियत को सबसे ऊपर रखेंगे।

डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने कहा कि हमारा शहर जगदलपुर में विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और इसे हर हाल में कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।.उन्होंने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम धर्म और मजहब की अच्छी शिक्षाओं को अपने व्यवहार में उतारें। किसी जरूरतमंद की मदद करना, भूखे को खाना खिलाना, दुखी के चेहरे पर मुस्कान लाना, पड़ोसी का ख्याल रखना, बुजुर्गों का सम्मान करना और बच्चों को बेहतर तालीम देना-यही इंसानियत की असली खूबसूरती है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। वे शिक्षा को अपना हथियार बनाएं, नशे और बुराइयों से दूर रहें, मेहनत और ईमानदारी के रास्ते पर आगे बढ़ें तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उन्हाेंने कहा कि हम सभी को मिलकर ऐसा समाज बनाना चाहिए जहां हर व्यक्ति सुरक्षित, सम्मानित और खुशहाल महसूस करे।कमेटी की ओर से शहर की पूरी आवाम से अपील की गई है कि 26 अगस्त 2026 को जश्ने ईद मिलादुन्नबी के इस मुबारक अवसर को आपसी मोहब्बत, अमन, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा समाज में सद्भाव और एकता का संदेश पहुंचाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story